लखनऊ , जनवरी 25 -- उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने कहा कि "मेरा भारत, मेरा वोट" केवल एक थीम नहीं, बल्कि लोकतंत्र को मजबूत करने का जनआंदोलन है। उन्होंने नागरिकों, विशेषकर महिलाओं और युवाओं से अपील की कि वे मतदाता सूची में अपना नाम सुनिश्चित कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाएं।
रविवार को 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर लखनऊ में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम को संबोधित नवदीप रिणवा ने कहा कि उत्तर प्रदेश में 22 वर्षों बाद विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान चलाया गया, जिसके अंतर्गत घर-घर सत्यापन कर 6 जनवरी को प्रकाशित अंतिम मतदाता सूची में 12 करोड़ 55 लाख 56 हजार 25 मतदाताओं के नाम शामिल किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि अब भी कई महिलाएं और 18 से 20 वर्ष आयु वर्ग के युवा मतदाता सूची से बाहर हैं, जिन्हें जोड़ने के लिए 11 व 18 जनवरी को विशेष अभियान चलाए गए, जिनमें सात लाख से अधिक आवेदन प्राप्त हुए। अगला विशेष अभियान 31 जनवरी को आयोजित किया जाएगा।
कार्यक्रम में मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत, राज्य स्वीप आइकन सुधा सिंह व अनुष्का चौबे तथा जिला निर्वाचन अधिकारी विशाख जी मौजूद रहे। इस दौरान करीब 500 अधिकारियों, कर्मचारियों और नागरिकों को मतदाता शपथ दिलाई गई।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने 'निर्वाचन के बढ़ते कदम' थीम पर आयोजित 'जर्नी ऑफ इलेक्शन' प्रदर्शनी का शुभारंभ भी किया, जिसमें चुनावी प्रक्रिया में समय-समय पर हुए बदलावों को दर्शाया गया।
कार्यक्रम में विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 75 बूथ लेवल अधिकारियों, 75 बीएलओ सुपरवाइजर, 18 निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों तथा एटा, बाराबंकी, औरैया, शामली, महोबा और फतेहपुर के छह जिला निर्वाचन अधिकारियों को सम्मानित किया गया। इसके अलावा 18 वर्ष पूर्ण कर चुके 15 नए मतदाताओं को वोटर आईडी कार्ड प्रदान किए गए और पांच महिला मतदाताओं को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
नवदीप रिणवा ने नागरिकों से अपील की कि वे सीईओ उत्तर प्रदेश की वेबसाइट, ईसीआई नेट ऐप या 1950 हेल्पलाइन के माध्यम से अपना नाम मतदाता सूची में अवश्य जांचें और विशेष अभियानों में सहयोग करें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित