सुमेरपुर (पाली) , सितंबर 30 -- राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बुधवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार के विकास कार्यों पर जनता ने विश्वास जताया है और अब इस जनविश्वास को आगे बढ़ाते हुए कार्यकर्ता आगामी पंचायत चुनावों के लिए पूरी ताकत से जुटकर सरकार के विकास मॉडल को गांव-गांव एवं ढाणी-ढाणी तक पहुंचायें।
श्री शर्मा आज पाली जिले के सुमेरपुर में पाली, जालोर, सिरोही के भाजपा कार्यकर्ताओं से संवाद कर रहे थे। उन्होंने निकाय चुनावों में पार्टी को मिले व्यापक जनसमर्थन के लिए कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए कहा कि श्री मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार के विकास कार्यों पर जनता ने विश्वास जताया है। प्रदेश के 309 नगरीय निकायों में से 204 में भाजपा के बोर्ड बने हैं। पाली के सभी 10, सिरोही के 6 में से 5 और जालोर के 5 में से 4 निकायों में भाजपा के बोर्ड बने हैं। उन्होंने कहा कि अब इसी जनविश्वास को आगे बढ़ाते हुए कार्यकर्ता आगामी पंचायत चुनावों के लिए पूरी ताकत से जुटें और हमारी सरकार के विकास मॉडल को गांव-गांव एवं ढाणी-ढाणी तक पहुंचायें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा की असली ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं, जो राष्ट्र प्रथम की भावना से कार्य करते हैं। उन्होंने बताया कि पाली जिले में पिछले पौने तीन वर्षों में 7102 करोड़ रुपये, सिरोही में 2835 करोड़ रुपये तथा जालोर में 1100 करोड़ रुपये के विकास कार्य करवाये जा रहे हैं। इन जिलों में सड़क, पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा और औद्योगिक विकास से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण कार्य किये जा रहे हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से प्रधानमंत्री जी के जन्मदिवस के अवसर पर प्रदेश में चल रहे सेवा संकल्प अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का भी आह्वान किया।
श्री शर्मा ने कहा कि पंचायत चुनावों में मेरा बूथ, सबसे मजबूत को मूल मंत्र बनाकर प्रत्येक बूथ, पंचायत और वार्ड में संगठन पूरी सक्रियता से काम करे। युवाओं, महिलाओं, किसानों और समाज के प्रत्येक वर्ग से निरंतर संवाद रखते हुए सरकारी योजनाओं का लाभ हर जरूरतमंद तक पहुंचाया जाये। कार्यकर्ता इस काम को प्राथमिकता दें। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया के माध्यम से भी सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाया जाये।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित