मेरठ , अप्रैल 30 -- उत्तर प्रदेश में मेरठ के कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र के खड़ौली गांव में शादी समारोह के दौरान की गई हर्ष फायरिंग ने एक व्यक्ति की जान ले ली। गुरुवार सुबह दुल्हन के स्वागत के समय हुई हर्ष फायरिंग में 45 वर्षीय राजमिस्त्री सुभाष की मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार खड़ौली निवासी आदेश की बारात बुधवार रात मोदीपुरम से लौटी थी। गुरुवार सुबह दूल्हा अपनी दुल्हन के साथ घर पहुंचा जहां स्वागत की तैयारियां चल रही थीं। इसी दौरान समारोह में मौजूद दूल्हे के चाचा विक्की ने पिस्टल से कई राउंड फायर कर दिए। फायरिंग के बीच एक गोली पास खड़े सुभाष के जबड़े में जा लगी जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े और मौके पर ही दम तोड़ दिया।

घटना के समय सुभाष अपनी पत्नी पुष्पा के साथ नवविवाहित जोड़े का स्वागत देख रहे थे। अचानक हुई इस घटना के बाद समारोह स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। मृतक की पत्नी के मुताबिक सुभाष पिछले करीब दस वर्षों से गांव में किराये के मकान में रह रहे थे। उनके परिवार में तीन बेटियां हैं जिनमें से दो की शादी हो चुकी है जबकि छोटी बेटी इन दिनों हरियाणा में अपनी बड़ी बहन के पास रह रही है।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अविनाश पांडे ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है और जल्द ही उन्हें पकड़ लिया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित