मेरठ , जून 17 -- उत्तर प्रदेश के मेरठ के बहसूमा क्षेत्र में एक बैंक मैनेजर ने अपनी महिला दोस्त के छह वर्षीय पुत्र का अपहरण कर उसकी हत्या कर दी।
पुलिस के अनुसार आरोपी बच्चे को घर के बाहर से कार में बैठाकर ले गया था। करीब एक दिन बाद उसकी निशानदेही पर बालक का शव बरामद किया गया। इस सनसनीखेज वारदात के खुलासे के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।
पुलिस ने बताया कि मंगलवार को बहसूमा क्षेत्र के रामराज गांव निवासी अंगदवीर घर के बाहर खेलते समय लापता हो गया था। परिजनों की सूचना पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर तलाश शुरू की। जांच के दौरान आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में एक कार से बालक को ले जाते हुए देखा गया जिसके आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंची।
पुलिस ने संदिग्ध युवक अंकित शर्मा उर्फ अर्पित शर्मा को हिरासत में लेकर पूछताछ की जो एचडीएफसी बैंक में मैनेजर के पद पर कार्यरत बताया गया है। पूछताछ में आरोपी ने बालक को अपने साथ ले जाने की बात स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने हस्तिनापुर क्षेत्र के भद्रकाली जंगल से बालक का शव बरामद किया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी और बालक की मां एक-दूसरे के परिचित थे तथा दोनों के बीच लंबे समय से संपर्क था। आरोपी ने पूछताछ में कुछ व्यक्तिगत संबंधों का भी उल्लेख किया है जिनकी सत्यता की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि हत्या के पीछे के वास्तविक कारणों का अभी पता लगाया जा रहा है और सभी संभावित पहलुओं पर जांच जारी है।
मृतक अंगदवीर के पिता दुबई में नौकरी करते हैं। बालक की पढ़ाई पंजाब के पटियाला में चल रही थी और वह हाल ही में छुट्टियों के दौरान अपने परिवार के पास रहने आया था। घटना के दिन वह घर के बाहर खेलने निकला था, जिसके बाद उसका कोई पता नहीं चला।
पुलिस अधीक्षक देहात अभिजीत कुमार ने बताया कि आरोपी के बयान, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज तथा अन्य तकनीकी प्रमाणों का परीक्षण किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मामले में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी और पुष्टि के बाद विस्तृत जानकारी सार्वजनिक की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित