मेरठ , मार्च 5 -- उत्तर प्रदेश में मेरठ जिले के हस्तिनापुर क्षेत्र के गणेशपुर गांव में गुरुवार सुबह एक पारिवारिक विवाद में कक्षा 12 के छात्र ने अपनी चाची की गोली मार कर हत्या कर दी और मवाना थाने पहुंच कर पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया।

पुलिस के अनुसार सुबह करीब साढ़े नौ बजे घर के सदस्य अपने-अपने काम में लगे हुए थे। इसी दौरान आरोपी शिवा (17) अचानक कमरे में पहुंचा और अपनी चाची पूजा त्यागी (32) की कनपटी पर तमंचा सटाकर गोली चला दी। गोली लगते ही पूजा फर्श पर गिर पड़ीं और कुछ ही पलों में उनकी सांसें थम गईं।

गोली की आवाज सुनकर घर में अफरा-तफरी मच गई। मृतका के पति धर्मेंद्र त्यागी जब कमरे में पहुंचे तो पत्नी को खून से लथपथ पड़ा पाया। इस बीच आरोपी युवक हाथ में तमंचा लिए घर से निकल चुका था। घटना के तुरंत बाद आरोपी सीधे मवाना थाने पहुंचा और पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल तमंचा बरामद कर उसे गिरफ्तार कर लिया है और मामले की गहन पूछताछ की जा रही है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवक का अपनी चाची से अक्सर विवाद होता रहता था। करीब आठ महीने पहले उसकी मां का निधन हो गया था जिसके बाद से वह मानसिक तनाव में रहने लगा था। पुलिस का मानना है कि इसी पारिवारिक तनाव ने इस सनसनीखेज घटना को अंजाम दिया।

परिवार के अनुसार घर में दो भाई हैं। बड़ा भाई गणेश भारतीय सेना में है और इस समय लद्दाख में तैनात है जबकि छोटा भाई धर्मेंद्र गांव में रहता है। पूजा धर्मेंद्र की पत्नी थीं और उनका छह माह का एक बेटा भी है। इस वारदात के बाद शांत माने जाने वाले गणेशपुर गांव में सन्नाटा और दहशत का माहौल है।

पुलिस उपाधीक्षक मवाना पंकज लवानिया ने आज बताया कि आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है और यह भी जांच की जा रही है कि वह बालिग है या नाबालिग। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य एकत्र किये हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित