मेरठ , जनवरी 19 -- उत्तर प्रदेश में मेरठ के मेडिकल थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद के चलते एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

पुलिस ने सोमवार को बताया कि विशू अपनी पत्नी चित्रा के साथ पिछले करीब पांच महीनों से के ब्लॉक में किराए के मकान में रह रहा था। बताया गया है कि रविवार रात दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था जो सोमवार सुबह दोबारा बढ़ गया। इसी दौरान पति ने पत्नी का गला दबा दिया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

सूचना मिलने पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घर के फिंगरप्रिंट्स समेत अन्य अहम साक्ष्य एकत्र किए। जांच के लिए मृतका का मोबाइल फोन भी कब्जे में लिया गया है। जांच में सामने आया है कि चित्रा की यह दूसरी शादी थी। उसके पहले पति मनोज की छह वर्ष पहले मृत्यु हो चुकी थी। पहले विवाह से उसके 11 वर्षीय बेटा और 9 वर्षीय बेटी हैं। घटना के समय दोनों बच्चे रोहटा रोड पर विशू के एक मित्र के घर गए हुए थे। सोमवार सुबह घर लौटने पर बच्चों ने शोर मचाकर आसपास के लोगों को घटना की जानकारी दी।

पुलिस अधीक्षक नगर आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दो पुलिस टीमें गठित की गई हैं। उन्होंने कहा कि जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मृतका के परिजनों को सूचना दे दी गई है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित