मेरठ , मार्च 17 -- उत्तर प्रदेश के मेरठ शहर में मंगत पुरम इलाके में स्थित एक स्पोर्ट्स फैक्टरी में मंगलवार तीसरे पहर आग लगने से लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

पुलिस के मुताबिक शाम करीब पौने चार बजे हाईटेक स्पोर्ट्स फैक्टरी में आग लगने की सूचना मिली। इसके बाद पुलिस और दमकल विभाग की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं। आग पर काबू पाने के लिए पांच दमकल वाहनों को लगाया गया और कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग की लपटें काफी ऊंची थीं जिससे आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। दमकल कर्मियों ने तेजी से कार्रवाई करते हुए किसी तरह आग को फैलने से रोका। फायर स्टेशन अधिकारी आरके सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है हालांकि वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच की जारी है।

पुलिस का कहना है कि आग से फैक्टरी को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है और अंदर मौजूद लाखों रुपये का कीमती सामान पूरी तरह राख हो गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित