बैतूल , अप्रैल 15 -- मध्यप्रदेश में बैतूल जिले के भीमपुर क्षेत्र में व्यवस्थाओं की जमीनी हकीकत परखने पहुंचे कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने विभिन्न संस्थानों का निरीक्षण कर खामियों पर कड़ी नाराजगी जताई और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए।
बुधवार को कलेक्टर ने बालक छात्रावास भीमपुर का निरीक्षण किया, जहां मेस व्यवस्था में गंभीर लापरवाही सामने आई। जांच में पाया गया कि छात्रों को निर्धारित मेन्यू के अनुसार भोजन उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है। इस पर कलेक्टर ने विकासखंड शिक्षा अधिकारी और छात्रावास वार्डन को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही गणवेश और पाठ्य पुस्तक वितरण की समीक्षा करते हुए कई छात्रों के पास पुरानी किताबें मिलने पर संबंधित अधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगा।
कलेक्टर डॉ. सोनवणे और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अक्षत जैन ने छात्रावास के बच्चों से संवाद कर भोजन, नाश्ता और अन्य सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने बच्चों से सामान्य गणित के प्रश्न पूछकर शैक्षणिक स्तर का आकलन भी किया और छात्रावास में समय पर पौष्टिक भोजन, नियमित खेल-कूद गतिविधियां तथा स्मार्ट क्लासेस सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके बाद कलेक्टर ने जनपद पंचायत कार्यालय स्थित लोकसेवा केंद्र का निरीक्षण किया। यहां सेवाओं के शुल्क का स्पष्ट प्रदर्शन न होने और अतिरिक्त राशि वसूली की आशंका पर नाराजगी जताते हुए प्रबंधक को नोटिस देने के निर्देश दिए। साथ ही केंद्र में साफ-सफाई, भवन रखरखाव सुधारने और पहुंच मार्ग पर पेवर ब्लॉक लगाने के निर्देश भी दिए।
प्राथमिक कृषि सहकारी समिति भीमपुर के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने खाद वितरण व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि किसानों को खाद का वितरण केवल ई-टोकन प्रणाली के माध्यम से किया जाए और बायोमेट्रिक सत्यापन से जुड़ी समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाए। निरीक्षण के दौरान एसडीएम अजीत मरावी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित