भोपाल , सितंबर 13 -- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 16 सितंबर को भोपाल से मुख्यमंत्री स्कूटी योजना के तहत प्रदेश के मेधावी विद्यार्थियों को ई-स्कूटी का वितरण करेंगे। राज्य स्तरीय कार्यक्रम शासकीय सुभाष उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, शिवाजी नगर में सुबह 10 बजे से आयोजित होगा। शिक्षण सत्र 2025-26 के लिए प्रदेश के 7,500 से अधिक पात्र विद्यार्थियों को योजना का लाभ मिलेगा।

मुख्यमंत्री स्कूटी योजना का उद्देश्य विद्यार्थियों को शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए प्रोत्साहित करना और उच्च शिक्षा के दौरान आवागमन में सुविधा उपलब्ध कराना है। योजना का लाभ लेने के लिए विद्यार्थियों का कक्षा 12वीं में प्रथम प्रयास में 70 प्रतिशत अंक के साथ अपने विद्यालय में प्रथम स्थान पर आना आवश्यक है। स्कूल शिक्षा एवं जनजातीय कार्य विभाग के शासकीय हायर सेकंडरी स्कूलों में नियमित रूप से अध्ययनरत सभी संकायों के विद्यार्थी योजना के पात्र हैं।

योजना के तहत अब तक प्रदेश के 23,000 से अधिक पात्र विद्यार्थी लाभान्वित हो चुके हैं। योजना के संचालन पर अब तक करीब 246 करोड़ रुपये व्यय किए गए हैं। राज्य सरकार के अनुसार योजना से शासकीय स्कूलों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहन मिल रहा है। इससे विद्यार्थियों में शिक्षा के प्रति उत्साह बढ़ने के साथ उच्च शिक्षा की ओर उनकी भागीदारी मजबूत करने में भी मदद मिल रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित