रुद्रपुर , जुलाई 21 -- खेल एवं युवा कल्याण मंत्री रेखा आर्या ने मंगलवार को कहा कि बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राएं प्रदेश और देश का उज्ज्वल भविष्य हैं। सफलता केवल प्रतिभा से नहीं बल्कि संकल्प, अनुशासन और संस्कार से मिलती है। इन्हीं मूल्यों के बल पर विद्यार्थी जीवन में लंबे समय तक सफलता के शिखर पर बने रह सकते हैं।
रुद्रपुर सांस्कृतिक मंच की ओर से आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए श्रीमती आर्या ने कहा कि यह आयोजन महज पुरस्कार वितरण तक सीमित नहीं है बल्कि समाज में सकारात्मक सोच को बढ़ावा देने और नई प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने का सराहनीय प्रयास है। उन्होंने संस्था की सामाजिक, सांस्कृतिक और जनहित के क्षेत्र में वर्षों से सक्रिय भूमिका की भी सराहना की।
उन्होंने मेधावी छात्र-छात्राओं से कहा कि उनकी सफलता कठिन परिश्रम, अनुशासन और समर्पण का परिणाम है। अब उनके जीवन की वास्तविक यात्रा शुरू हुई है। इसलिए सफलता के साथ संकल्प और संस्कार को भी जीवन में बनाए रखें। उन्होंने युवाओं से बड़े लक्ष्य निर्धारित करने और चुनौतियों का साहस के साथ सामना करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी अपनी प्रतिभा और ज्ञान के बल पर उत्तराखंड और देश का नाम रोशन करें।
मंत्री ने कहा कि आज के विद्यार्थी केवल कल का भविष्य नहीं, बल्कि वर्तमान का गौरव भी हैं। प्रदेश का युवा जितना आगे बढ़ेगा, उत्तराखंड और भारत विकास के नए आयाम हासिल करेगा। उन्होंने मेधावी विद्यार्थियों के साथ उनके माता-पिता और शिक्षकों को भी बधाई दी और कहा कि प्रत्येक सफलता के पीछे परिवार के त्याग और गुरुजनों के मार्गदर्शन की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
समारोह में उत्तराखंड बोर्ड और सीबीएसई बोर्ड की कक्षा 10वीं और 12वीं की परीक्षाओं में अपने-अपने विद्यालयों में शीर्ष स्थान हासिल करने वाले 93 मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर विधायक शिव अरोड़ा, मेयर विकास शर्मा, बाल अधिकार संरक्षण आयोग के सदस्य दीपक गुलाटी, प्रिया शर्मा समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित