चंडीगढ़ , मई 26 -- हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा है कि ग्रामीण और कम सेवा वाले क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं बेहतर करने के लिए स्वास्थ्य विभाग, मेदांता फाउंडेशन के माध्यम से मेदांता अस्पताल के साथ समझौता ज्ञापन करेगा।
सुश्री राव ने बताया कि इस साझेदारी का उद्देश्य सब-डिस्ट्रिक्ट हॉस्पिटल अटेली और कम्युनिटी हेल्थ सेंटर फर्रुखनगर एवं मीरपुर में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को अपग्रेड करना है।
उन्होंने बताया कि यह सहभागिता पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप मोड के तहत संचालित होगी। इसके तहत प्रसूति कक्षों और सिजेरियन सेक्शन ओटी सुविधाओं को आधुनिक बनाया जाएगा। नवजात शिशुओं की देखभाल, उन्नत डायग्नोस्टिक सेवाएं और एम्बुलेंस सहायता सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही स्वास्थ्य कर्मचारियों की स्किल और कैपेसिटी बिल्डिंग पर भी ध्यान दिया जाएगा।
यह समझौता ज्ञापन शुरुआत में तीन वर्षों के लिए प्रस्तावित है। दोनों पक्षों की सहमति और संतोषजनक प्रदर्शन के आधार पर अवधि बढ़ाई जा सकेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित