रायपुर , जून 23 -- अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (आईओसी) से मान्यता प्राप्त इंटरनेशनल फेडरेशन ऑफ म्यू थाई एसोसिएशन (आईएफएमए) की ओर से मलेशिया के कुआलालंपुर में आयोजित आईएफएमए वर्ल्ड सीनियर म्यू थाई चैंपियनशिप में छत्तीसगढ़ के दो खिलाड़ियों का पदक जीतने का सपना मेडिकल बोर्ड की आपत्ति के कारण आज टूट गया।
राज्य म्यू थाई संघ के अध्यक्ष लखन कुमार साहू और महासचिव अनीस मेमन ने मंगलवार को बताया कि 16 से 26 जून तक आयोजित इस प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ से दो महिला और दो पुरुष खिलाड़ी भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों का वजन और विस्तृत मेडिकल परीक्षण किया जाता है।
उन्होंने बताया कि महिला खिलाड़ी टिकेश्वरी साहू को उल्टी और डिहाइड्रेशन के कारण वजन निर्धारित सीमा से कम पाए जाने तथा शारीरिक कमजोरी के चलते मेडिकल बोर्ड ने प्रतियोगिता में भाग लेने की अनुमति नहीं दी। वहीं पुरुष खिलाड़ी प्रवीण कृष्ण जायसवाल के होटल जिम में अभ्यास के दौरान टखने में हेयर फ्रैक्चर पाए जाने पर उन्हें भी मेडिकल रूप से अनफिट घोषित कर दिया गया।
मेडिकल बोर्ड की रिपोर्ट के आधार पर आयोजन समिति ने दोनों खिलाड़ियों को क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में उतरने की अनुमति नहीं दी, जिससे उनका अभियान पदक दौर से पहले ही समाप्त हो गया। भारतीय कोच द्वारा दोनों खिलाड़ियों को रिकवर होने के लिए अतिरिक्त समय देने की मांग करते हुए दर्ज कराए गए प्रोटेस्ट को भी प्रतियोगिता के पूर्व निर्धारित व्यस्त कार्यक्रम का हवाला देते हुए खारिज कर दिया गया।
राज्य संघ के अनुसार छत्तीसगढ़ के चार खिलाड़ियों में से केवल जगदलपुर के युवराज सिंह राजपूत ने प्रथम आईएफएमए वर्ल्ड स्कूल चैंपियनशिप के अंडर-18, 86 किलोग्राम वर्ग में भारत के लिए कांस्य पदक जीतकर प्रदेश का मान बढ़ाया। वहीं रायपुर की समिधा अग्रवाल, टिकेश्वरी साहू और प्रवीण कृष्ण जायसवाल अच्छे प्रदर्शन के बावजूद पदक हासिल नहीं कर सके।
संघ ने बताया कि समिधा अग्रवाल, युवराज सिंह राजपूत और भारतीय दल के सदस्य अमन यादव 23 जून को रायपुर लौटेंगे, जबकि टिकेश्वरी साहू और प्रवीण कृष्ण जायसवाल 27 जून को विमान से रायपुर पहुंचेंगे। उनके स्वागत की तैयारी राज्य म्यू थाई संघ द्वारा की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित