बिलासपुर , नवंबर 09 -- छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में डॉक्टर दंपती के बेटे को नेपाल के मेडिकल कॉलेज में एमडी रेडियोलॉजी पाठ्यक्रम में प्रवेश दिलाने के नाम पर 28 लाख रुपए की कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। इस मामले में सिविल लाइन पुलिस ने कोलकाता स्थित इनफिनिटी एकेडमी के संचालक निर्मल्या नाग के खिलाफ धोखाधड़ी का अपराध दर्ज कर प्रकरण की केस डायरी आगे की जांच के लिए कोलकाता पुलिस को भेज दी है।
सिविल लाइन थाना प्रभारी रविशंकर तिवारी ने आज बताया कि समाधान नर्सिंग होम की संचालक डॉ. गौरी दत्त ने 5 नवंबर को थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, उनके बेटे स्नेहाशीष दत्त ने महाराष्ट्र के अमरावती स्थित पंजाबराव देशमुख मेडिकल कॉलेज से वर्ष 2019-20 में एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी की थी। इसके बाद वह रेडियोलॉजी विषय में एमडी करना चाहता था।
इसी सिलसिले में डॉक्टर परिवार कोलकाता पहुंचा था, जहां उनकी मुलाकात इनफिनिटी एकेडमी के संचालक निर्मल्या नाग से हुई। आरोप है कि नाग ने विभिन्न मेडिकल कॉलेजों में अपने संपर्क होने का दावा करते हुए निर्धारित पैकेज के तहत एमडी पाठ्यक्रम में प्रवेश दिलाने का भरोसा दिया।
शिकायत के मुताबिक, निर्मल्या नाग ने 21 फरवरी 2020 को पत्र भेजकर स्नेहाशीष दत्त का नेपाल में एमडी रेडियोलॉजी के शैक्षणिक सत्र 2020-21 में प्रवेश सुनिश्चित होने की जानकारी दी। तीन वर्षीय पाठ्यक्रम के लिए कुल 1.40 करोड़ रुपए का पैकेज बताया गया था। इसके तहत प्रारंभिक भुगतान के रूप में 5 लाख रुपए चेक के माध्यम से लिए गए।
उसी दिन संस्था की ओर से बैंक खाते का विवरण और एक अन्य एग्रीमेंट उपलब्ध कराया गया, जिसमें डेवलपमेंट एजुकेशन फीस के रूप में 25 लाख रुपए जमा करने का उल्लेख था। प्रवेश प्रक्रिया के नाम पर डॉक्टर परिवार से कुल 28 लाख रुपए प्राप्त किए गए। इसके बाद 14 अगस्त 2020 को नेपाल के इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिसिन, काठमांडू से संबंधित प्रोविजनल एडमिशन लेटर भी भेजा गया। हालांकि, स्नेहाशीष दत्त को संबंधित पाठ्यक्रम में प्रवेश नहीं मिल सका।
डॉ. गौरी दत्त के अनुसार, 18 अगस्त 2020 को निर्मल्या नाग ने एक और पत्र भेजकर दावा किया कि उनके बेटे ने स्वयं प्रवेश निरस्त कराने का निर्णय लिया है। इसके बाद जमा राशि में से 2 लाख रुपए की कटौती कर शेष 26 लाख रुपए दिसंबर 2020 तक वापस करने का आश्वासन दिया गया।
निर्धारित अवधि में भुगतान नहीं होने पर जनवरी और मई 2021 में भी पत्राचार किया गया। आरोपी ने इन पत्रों के माध्यम से 90 दिनों के भीतर राशि लौटाने की बात कही। इस दौरान 1.25 लाख रुपए का चेक दिया गया, लेकिन शेष रकम का भुगतान नहीं किया गया।
शिकायत में बताया गया है कि नवंबर-दिसंबर 2021 के दौरान निर्मल्या नाग ने रकम वापसी के लिए कई चेक जारी किए। डॉक्टर परिवार ने इन चेकों को बिलासपुर के अलग-अलग बैंकों में जमा कराया, लेकिन संबंधित खाते में पर्याप्त राशि नहीं होने के कारण सभी चेक अनादरित हो गए।
शिकायतकर्ता के मुताबिक, 16 अगस्त 2021 से 6 दिसंबर 2025 के बीच आरोपी की ओर से 39 किश्तों में कुल 13.75 लाख रुपए लौटाए गए। हालांकि, शिकायत में 8 अप्रैल 2024 के बाद भुगतान बंद होने का भी उल्लेख है। बार-बार आश्वासन और चेक जारी किए जाने के बावजूद शेष राशि वापस नहीं मिलने पर डॉक्टर दंपती ने पुलिस की शरण ली।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित