ग्वालियर , नवंबर 01 -- ग्वालियर में गजराराजा मेडिकल कॉलेज (जीआरएमसी) में मेडिकल की पढ़ाई कर रही एक छात्रा ने अपने सहपाठी पर जबरन संबंध बनाने का दबाव डालने, अभद्रता और मारपीट करने का आरोप लगाया है। छात्रा की शिकायत पर झांसी रोड थाना पुलिस ने आरोपी नितेश कुमार उर्फ सिद्धार्थ कुशवाह के खिलाफ विभिन्न धाराओं और एससी-एसटी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, छात्रा ने वर्ष 2025 में जीआरएमसी में प्रवेश लिया था। इसी दौरान उसकी पहचान अपने बैच के छात्र नितेश कुशवाह से हुई। दोनों के बीच बातचीत होती थी, लेकिन जब आरोपी ने प्रेम संबंध का प्रस्ताव रखा तो छात्रा ने उसे केवल दोस्त बताया और बातचीत कम कर दी। आरोप है कि इसके बाद से आरोपी उसका पीछा करने लगा और रास्ता रोककर बात करने का दबाव बनाने के साथ परिवार के सामने बदनाम करने की धमकी देने लगा। छात्रा ने कॉलेज के शिक्षकों से भी शिकायत की थी।

छात्रा ने पुलिस को बताया कि 28 अक्टूबर को सुबह करीब 10:30 बजे वह एक हजार बिस्तर अस्पताल परिसर में थी। इसी दौरान आरोपी उसकी गाड़ी के पास पहुंचा और चाबी छीनकर साथ चलने का दबाव बनाने लगा। आरोप है कि वह उसे जीआरएमसी कॉलेज के महिला शौचालय में ले गया और दरवाजा बंद कर उसके साथ अश्लील हरकत की। विरोध करने पर मारपीट की और गर्दन पकड़कर शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी दी। आरोपी ने घटना किसी को बताने पर बदनाम करने की बात कहकर डराया।

पीड़िता के मुताबिक, भय के कारण उसने तत्काल शिकायत नहीं की और 30 अक्टूबर को अपने माता-पिता को घटना की जानकारी दी। इसके बाद 31 अक्टूबर को थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 75(2), 78(2), 115(2), 126(2), 351(2) तथा एससी-एसटी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित