फिरोजाबाद , सितंबर 24 -- उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में जलेसर रोड स्थित मेडिकल कॉलेज में बृहस्पतिवार सुबह सफाई कर्मियों ने विभिन्न मांगों और उत्पीड़न के विरोध में धरना-प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने प्राचार्य के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सफाई कार्य के अलावा निजी घरेलू काम कराने का आरोप लगाया और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।

नियमित सफाई कार्य पूरा करने के बाद करीब साढ़े नौ बजे कर्मचारी एकत्रित होकर धरने पर बैठ गए। प्रदर्शनकारी कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि उनसे सफाई कार्य के अलावा घर के काम, कार चलाने, बर्तन साफ करने और जूतों पर पॉलिश कराने जैसे निजी काम करने का दबाव बनाया जाता है।

कर्मचारियों का आरोप है कि निजी काम करने से इंकार करने पर उन्हें नौकरी से निकालने की धमकी दी जाती है। उन्होंने यह भी कहा कि हाल ही में जारी एक नोटिस में उन्हें चार दिन अनुपस्थित दिखाया गया है, जबकि वे अपनी निर्धारित ड्यूटी कर रहे थे।

धरने की जानकारी मिलने पर मेडिकल कॉलेज के अधिकारी मौके पर पहुंचे और कर्मचारियों को समझाने का प्रयास किया। हालांकि, कर्मचारियों ने स्पष्ट किया कि वे केवल निर्धारित कार्य ही करेंगे। उन्होंने समस्याओं का समाधान होने और पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच होने तक विरोध जारी रखने की बात कही।

प्रदर्शनकारी कर्मचारियों ने जिला प्रशासन से मामले की जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित