प्रतापगढ़ , सितम्बर 16 -- उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ मेडिकल कॉलेज में व्याप्त कथित भ्रष्टाचार और अव्यवस्थाओं का आरोप लगाते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं ने बुधवार को जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।

जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष डॉ. नीरज त्रिपाठी एडवोकेट के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ता भारी बारिश में भींगते हुए कांग्रेस कार्यालय इंदिरा भवन से पैदल मार्च करते हुए अंबेडकर चौराहा होते हुए कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचे। इस दौरान "मेडिकल कॉलेज की यही कहानी, ऊपर से नीचे तक बेईमानी" और "अब नहीं सहेंगे अत्याचार, बंद करो ये भ्रष्टाचार" के नारों से पूरा परिसर गूंज उठा। आज बुधवार दोपहर 1 बजे के करीब कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी को 23 सूत्रीय मांग पत्र सौंपकर पूरे मामले की उच्च स्तरीय और विजिलेंस जांच कराकर एफ आई आर दर्ज करने की मांग की।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष डॉ. नीरज त्रिपाठी ने आरोप लगाया कि मेडिकल कॉलेज इलाज का मंदिर नहीं बल्कि लूट का अड्डा बन गया है । उन्होंने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के अंदर मांगें नहीं मानी गईं तो कांग्रेस सड़क से लेकर सदन तक क्रमबद्ध तरीके से बड़े आंदोलन की शुरुआत करेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित