विदिशा , सितंबर 08 -- मध्यप्रदेश में विदिशा जिला मुख्यालय स्थित अटल बिहारी वाजपेयी शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय से संबद्ध अस्पताल में कैंसर मरीजों के लिए कीमोथेरेपी डे-केयर यूनिट तैयार हो गई है। इसका उद्घाटन मंगलवार को प्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल, केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह संयुक्त रूप से करेंगे।
नई यूनिट शुरू होने के बाद निर्धारित उपचार प्रोटोकॉल के अनुसार कीमोथेरेपी की आवश्यकता वाले कैंसर मरीजों को विदिशा में ही यह सुविधा मिल सकेगी। इससे मरीजों और उनके परिजनों को उपचार के लिए बार-बार भोपाल, मुंबई या अन्य बड़े शहरों में जाने की परेशानी कम होगी।
मेडिकल कॉलेज के अधीक्षक डॉ. मनीष निगम ने बताया कि यूनिट में उन कैंसर मरीजों की कीमोथेरेपी की जाएगी, जिनके लिए टाटा मेमोरियल, एम्स और जवाहरलाल नेहरू कैंसर अस्पताल जैसे संस्थानों के कैंसर विशेषज्ञों ने दवा और उपचार का प्रोटोकॉल निर्धारित किया है।
उन्होंने बताया कि मेडिकल कॉलेज में फिलहाल कैंसर विशेषज्ञ चिकित्सक उपलब्ध नहीं हैं, इसलिए मरीजों का उपचार अपनी ओर से नहीं किया जाएगा और निर्धारित प्रोटोकॉल में कोई बदलाव भी नहीं किया जाएगा। डे-केयर मॉडल के तहत मरीजों को प्रोटोकॉल के अनुसार कीमोथेरेपी की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
इस सुविधा का लाभ विदिशा के अलावा आसपास के जिलों के कैंसर मरीजों को भी मिलेगा। इससे उन्हें कीमोथेरेपी के लिए भोपाल, दिल्ली और मुंबई जैसे बड़े शहरों की बार-बार यात्रा नहीं करनी पड़ेगी। नई सुविधा से मरीजों और उनके परिजनों का समय, यात्रा और उपचार पर होने वाला अतिरिक्त खर्च कम होने की उम्मीद है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित