श्रीगंगानगर , अप्रैल 14 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर में सूरतगढ़ रोड पर स्थित सरकारी मेडिकल कॉलेज के पास आबकारी विभाग द्वारा शराब ठेका मंजूर किए जाने का मेडिकल कॉलेज के छात्र भी विरोध करने लगे हैं।
मेडिकल कॉलेज के करीब 20 छात्र-छात्राओं ने मंगलवार को जिला कलेक्टर को ज्ञापन देकर मेडिकल कॉलेज के ठीक सामने शराब ठेके को दी गई मंजूरी निरस्त करने की मांग की है। शराब ठेके के कारण मेडिकल कॉलेज के छात्र-छात्राओं पर बुरा प्रभाव पड़ेगा। कॉलेज में 500 से अधिक नर्सिंग और मेडिकल कॉलेज के विद्यार्थी अध्यनरत हैं। कॉलेज में ही छात्राओं का छात्रावास है। शराब ठेके की वजह से यहां का सामाजिक माहौल खराब होने की आशंका है।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले कांग्रेस के छात्र संगठन एनएसयूआई द्वारा भी मेडिकल कॉलेज के सामने शराब ठेका खोले जाने का कड़ा विरोध किया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित