जालौन , मई 21 -- उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में राजकीय मेडिकल कॉलेज उरई में चिकित्सकों एवं तीमारदारों के बीच हुए विवाद और उसके बाद उत्पन्न घटनाक्रम की निष्पक्ष एवं गहन जांच के लिए जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने त्रिस्तरीय जांच समिति गठित कर दी है। यह विवाद 18 मई की मध्य रात्रि करीब 12 बजे मेडिकल कॉलेज परिसर में हुआ था, जिसके बाद मामला लगातार चर्चा में बना हुआ है। जिलाधिकारी द्वारा गठित समिति में अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे) प्रेमचंद्र मौर्य को अध्यक्ष बनाया गया है। समिति में डॉ. पुनीत अवस्थी तथा अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. ईशान सोनी को सदस्य नामित किया गया है।
जिलाधिकारी ने समिति को निर्देश दिए हैं कि पूरे घटनाक्रम के प्रत्येक पहलू की गंभीरता से जांच की जाए। जांच के दौरान विवाद के कारणों, संबंधित पक्षों की भूमिका, मेडिकल कॉलेज की सुरक्षा व्यवस्था तथा प्रशासनिक व्यवस्थाओं का विस्तृत परीक्षण किया जाएगा। साथ ही घटना के लिए जिम्मेदार व्यक्तियों एवं परिस्थितियों का भी चिन्हांकन किया जाएगा।
डीएम राजेश कुमार पाण्डेय ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप स्वास्थ्य संस्थानों में अनुशासन, सुरक्षा और बेहतर कार्य वातावरण बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने समिति को शीघ्र जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं, ताकि तथ्यों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
मामले को लेकर मेडिकल कॉलेज प्रशासन, चिकित्सकों तथा आम लोगों की निगाहें अब जांच समिति की रिपोर्ट पर टिकी हुई हैं। प्रशासन का कहना है कि जांच पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ कराई जाएगी, जिससे वास्तविक तथ्य सामने लाए जा सकें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित