नयी दिल्ली , अक्टूबर 09 -- दिल्ली प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर इंडिया गठबंधन के सांसदों के प्रदर्शन के बीच दिल्ली के 57 मेट्रो स्टेशनों को बंद करने के फैसले की आलोचना की है।
श्री यादव ने आरोप लगाया कि मोदी सरकार श्री गांधी के नेतृत्व में चल रहे वोट चोरी विरोधी आंदोलन से डर गयी है। राजघाट पर श्री गांधी के साथ 300 सांसदों और हजारों कांग्रेस कार्यकर्ताओं के विरोध दर्ज कराने के बाद सरकार ने 09 और 10 अक्टूबर को मेट्रो स्टेशन बंद करने का फैसला लिया है। इससे रोजाना मेट्रो से सफर करने वाले करीब 64 लाख यात्रियों को परेशानी होगी।
उन्होंने आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए मेट्रो सेवाओं पर प्रतिबंध लगाना लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन है। मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे और गिरफ्तारी की मांग दोहराते हुए कहा कि सरकार को विरोध की आवाज दबाने के बजाय जनता के सवालों का जवाब देना चाहिए। उन्होंने इसे राजनीतिक डर का संकेत बताया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित