हैदराबाद , जून 01 -- कांग्रेस नेता और तेलंगाना मत्स्य पालन निगम के अध्यक्ष मेट्टु साई ने सोमवार को भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के नेताओं टी. हरीश राव और के. टी. रामा राव पर तीखा हमला बोला और उन पर झूठ फैलाने तथा जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया।
श्री साई ने गांधी भवन में मीडिया को संबोधित करते हुए आरोप लगाया कि बीआरएस नेता 'दस साल तक अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल करने' के बाद अब नैतिकता का पाठ पढ़ाने की कोशिश कर रहे हैं।
निगम अध्यक्ष ने दावा किया कि हरीश राव लगातार झूठे बयान दे रहे हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि हरीश राव और श्री रामा राव दोनों कांग्रेस सरकार के खिलाफ गलत जानकारी फैलाने में एक-दूसरे से होड़ कर रहे हैं।
श्री रामा राव पर तंज कसते हुए श्री साई ने कहा कि वह बढ़ा चढ़ा कर बात करने में माहिर हैं। उन्होंने श्री रामा राव की तुलना '2,000 रुपये के नोट से की जो चमकता तो है, लेकिन अब चलन में उसका कोई मूल्य नहीं है।'कांग्रेस नेता ने आगे आरोप लगाया कि बीआरएस नेता सच बोलने में असमर्थ हैं और वे विभिन्न मुद्दों पर जनता को गुमराह कर रहे हैं। उन्होंने यह भी दावा किया कि पिछली बीआरएस सरकार के दौरान श्री रामा राव पर्दे के पीछे से मुख्यमंत्री के रूप में काम करते थे।
श्री साई ने आरोप लगाया कि हरीश राव ने एक बार कांग्रेस पार्टी में शामिल होने का प्रयास किया था। उन्होंने दावा किया कि बीआरएस नेताओं द्वारा लगातार की जा रही आलोचना और सोशल मीडिया अभियानों के बावजूद उनकी पार्टी तेलंगाना में दोबारा सत्ता में नहीं आएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित