बैतूल , सितंबर 16 -- मध्यप्रदेश में बैतूल जिले के मुलताई में अज्ञात चोर एक मेटल दुकान का पिछला दरवाजा तोड़कर करीब छह लाख रुपये कीमत का सामान और पांच हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए। वारदात का पता बुधवार सुबह दुकान खोलने पहुंचे संचालक को चला।

पुलिस के अनुसार तिलक वार्ड निवासी भुनेश्वर कसार की रेलवे स्टेशन रोड स्थित पटेल वार्ड में शिवशक्ति मेटल नाम से दुकान है। मंगलवार रात चोर दुकान के पीछे का दरवाजा तोड़कर अंदर घुसे और बड़ी मात्रा में पीतल, तांबे तथा कांसे का सामान चोरी कर ले गए।

दुकानदार ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि चोरी गए सामान में करीब 300 पीतल की मूर्तियां, 10 तांबे के डेक, 30 पीतल की गुंडियां, कांसे के मंजीरे, मंदिर की घंटियां, पीतल की कढ़ाई, कांसे की थालियां, तांबे के पात्र, कांसे के लोटे और छह मिक्सर शामिल हैं। दुकान में रखी करीब पांच हजार रुपये की नकदी भी चोरी हुई है।

भुनेश्वर के अनुसार बुधवार सुबह दुकान पहुंचने पर पीछे का दरवाजा टूटा मिला। अंदर सामान बिखरा पड़ा था और कई कीमती वस्तुएं गायब थीं। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। दुकानदार ने चोरी गए सामान की कीमत करीब छह लाख रुपये बताई है। उन्होंने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान और चोरी का सामान बरामद करने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित