चंडीगढ़ , मई 29 -- मेजर जनरल भारत मेहतानी को कर्नाटक एवं केरल सब एरिया, मुख्यालय बेंगलुरु का जनरल ऑफिसर कमांडिंग (जीओसी ) नियुक्त किया गया है।
मेजर जनरल मेहतानी पिछले सात महीनों से पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और चंडीगढ़ एनसीसी निदेशालय में अतिरिक्त महानिदेशक (एडीजी) के पद पर सेवाएं दे रहे थे। उन्होंने एक नवंबर 2025 को मेजर जनरल जगदीप सिंह चीमा से कार्यभार संभाला था। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने एनसीसी में कई आधुनिक और युवा-केंद्रित पहलें शुरू कीं। अब वह नयी जिम्मेदारी संभालने के लिए बेंगलुरु रवाना हो रहे हैं।
मेजर जनरल मेहतानी को सेना में लंबा और व्यापक अनुभव प्राप्त है। उन्होंने पश्चिमी सेक्टर में एक इन्फैंट्री ब्रिगेड, झारखंड एवं बिहार सब एरिया और पश्चिमी सेक्टर में एक इन्फैंट्री डिवीजन की कमान संभाली है। उत्कृष्ट सेवाओं के लिए उन्हें जीओसी-इन-चीफ, वेस्टर्न कमांड प्रशंसा पत्र से भी सम्मानित किया जा चुका है। उनके सम्मान में एनसीसी निदेशालय द्वारा एक विदाई समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान उनके नेतृत्व और युवाओं के विकास में योगदान को सराहा गया। निदेशालय ने उनके कार्यकाल में ड्रोन प्रशिक्षण की शुरुआत, साइबर सुरक्षा जागरूकता के विस्तार और एनसीसी 'सी' सर्टिफिकेट धारकों के लिए करियर अवसरों को बढ़ावा देने जैसी पहलों का विशेष उल्लेख किया।
एनसीसी निदेशालय ने मेजर जनरल भारत मेहतानी को उनके नए कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं देते हुए अच्छे स्वास्थ्य और सफल नेतृत्व की कामना की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित