उदयपुर , जनवरी 16 -- राजस्थान में उदयपुर में एसजीएफआई एवं पीएम श्री फतह स्कूल के संयुक्त तत्वावधान में चल रही 69वीं राष्ट्रीय विद्यालय हॉकी प्रतियोगिता में शुक्रवार को राजस्थान एवं उड़ीसा ने अपने अपने सेमीफाइनल मुकाबले जीतते हुए फाइनल में प्रवेश कर लिया।
राजस्थान ने पंजाब को 3-2 से हराकर पहली बार फाइनल में प्रवेश करते हुए इतिहास रच दिया। फाइनल मुकाबला शनिवार को राजस्थान एवं उड़ीसा के मध्य खेला जाएगा।
अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक मोहनलाल मेघवाल ने बताया कि प्रथम सेमीफाइनल में उड़ीसा ने हिमाचल प्रदेश को एकतरफा मुकाबले में 7-0 से रौंदते हुए फाइनल में प्रवेश किया।
खेलगांव के एस्ट्रोटर्फ मैदान पर सांय कालीन सत्र में दूसरा सेमीफाइनल राजस्थान एवं पंजाब के बीच खेला गया। इस दूसरे सेमीफाइनल में प्रथम क्वाटर में राजस्थान ने एक गोल करके बढ़त बनाई, लेकिन दूसरे क्वार्टर में पंजाब ने गोल करके मैच एक-एक की बराबरी पर ला दिया। हॉफ टाइम तक मैच 1-1 की बराबरी पर रहा। तीसरे क्वार्टर में राजस्थान ने दूसरा गोल करके 2-1 से बढ़त ली। इसके कुछ देर बाद ही मिले पेनल्टी कार्नर को गोल में बदलते हुए राजस्थान ने तीसरा गोल कर 3-1 से बढ़त ले ली। मैच बेहद रोमांचक होता चला गया।
चौथे क्वार्टर में दोनों टीमें के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला पंजाब ने एक और गोल करके बढ़त कम करते हुए मैच को बेहद रोमांचक बना दिया, लेकिन खेल समाप्त होने तक राजस्थान 3-2 की बढ़त बरकरार रखने में कामयाब रही और मुकाबला जीत कर फाइनल में जगह बनाई।
आयोजन सचिव धर्मेंद्र सिंह शक्तावत ने बताया कि इससे पहले सुबह मेजबान राजस्थान ने झारखंड से क्वार्टर फाइनल जीतते हुए सेमी फाइनल में प्रवेश किया था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित