शिलांग , अगस्त 24 -- मेघालय की सत्तारूढ़ नेशनल पीपल्स पार्टी (एनपीपी) को सोमवार को उस समय जबरदस्त झटका लगा जब वरिष्ठ नेता और पूर्व राज्यसभा सदस्य डॉ. वानवे रॉय खारलुखी ने पार्टी से इस्तीफा देते हुए प्राथमिक सदस्यता से अपना नाम तत्काल हटाने का अनुरोध किया।

श्री खारलुखी ने अपना इस्तीफा एनपीपी के प्रदेश अध्यक्ष और उपमुख्यमंत्री प्रेस्टोन टिनसोंग को सौंपते हुए पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से अपना नाम तुरंत हटाने का अनुरोध किया है।

गौरतलब है कि श्री खारलुखी राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के समय से ही पूर्व लोकसभा अध्यक्ष दिवंगत पूर्णो अगितोक संगमा (पीए संगमा) के करीबी सहयोगी रहे हैं और बाद में जब श्री पूर्णो ने मेघालय में एनपीपी शुरू की और इसे पूरे देश में फैलाया, तब भी उनके साथ रहे। श्री खारखुली 2012 में पार्टी के गठन के बाद मेघालय में एनपीपी के पहले अध्यक्ष थे। मेघालय से राज्यसभा के पूर्व सांसद ने श्री टिनसोंग से यह भी अनुरोध किया कि वे पार्टी की प्राथमिक सदस्यता रिकॉर्ड से उनका नाम तत्काल प्रभाव से हटाने के लिए आवश्यक कदम उठाएं।

श्री खारलुखी का एनपीपी से इस्तीफा देने का फैसला पार्टी के साथ, खासकर इसके राष्ट्रीय अध्यक्ष और मौजूदा मुख्यमंत्री कॉनराड संगमा के साथ दशकों पुराने जुड़ाव के बाद आया है। मुख्यमंत्री संगमा ने कहा कि हालांकि पार्टी खारलुखी के इस्तीफे को झटका नहीं मानती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित