शिलांग , सितंबर 23 -- मेघालय में यूनाइटेड डेमोक्रेटिक पार्टी(यूडीपी) के आठ विधायक बुधवार को नयी दिल्ली में पार्टी मुख्यालय में भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए। यह पूर्वोत्तर राज्य के लिए एक अहम राजनीतिक घटनाक्रम है।

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने पार्टी मुख्यालय में केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू और मेघालय भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष रिकमैन मोमिन की मौजूदगी में एक संवाददाता सम्मेलन में सभी आठ विधायकों के पार्टी में शामिल होने की घोषणा की।

संविधान की दसवीं अनुसूची के तहत आठ यूडीपी विधायकों के भाजपा में विलय से भाजपा की सीटों की संख्या 10 हो गई है, जिससे वह 60 सदस्यों वाली मेघालय विधानसभा में यूडीपी की जगह दूसरी सबसे बड़ी पार्टी बन गई है।

उल्लेखनीय है कि यूडीपी और भाजपा दोनों ही नेशनल पीपल्स पार्टी (एनपीपी) के नेतृत्व वाली मेघालय डेमोक्रेटिक अलायंस 2.0 सरकार में सहयोगी हैं। एनपीपी के पास 60 सदस्यों वाली मेघालय विधानसभा में 33 विधायकों के साथ बहुमत है।

यूडीपी के आठ विधायकों में लखमेन रिम्बुई भी शामिल हैं, जो कॉनराड संगमा के नेतृत्व वाली सरकार में कैबिनेट मंत्री हैं।

अन्य विधायकों में पूर्व मंत्री कारमेन शायला, पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय डॉ. डॉनकुपर रॉय के बेटे बालाजीद कुपर सिनरेम, ओलैन सिंग सुइन, मायरालबॉर्न सिएम, पायस मारवेन, सिनशर लिंगदोह थबाह और मैथ्यू बियॉन्डस्टार कुर्बाह शामिल हैं।

भाजपा में सभी विधायकों का स्वागत करते हुए, श्री रिजिजू ने उनके शामिल होने को मेघालय और पूर्वोत्तर के लिए एक महत्वपूर्ण राजनीतिक घटनाक्रम बताया है। श्री रिजिजू ने कहा, "मेघालय के सभी आठ विधायक आज भाजपा परिवार में शामिल हो रहे हैं। यह न केवल पूर्वोत्तर के लिए, बल्कि देश के लिए भी एक बेहद अहम राजनीतिक घटनाक्रम है।"उन्होंने कहा कि आठ विधायकों के भाजपा में शामिल होने से कॉनराड के. संगमा के नेतृत्व वाली सरकार मजबूत होगी और मेघालय में राजग सहयोगियों के बीच तालमेल बेहतर होगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित