शिलांग , सितंबर 14 -- मेघालय भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता अलेक्जेंडर लालू हेक ने सोमवार को कहा कि यूनाइटेड डेमोक्रेटिक पार्टी (यूडीपी) के कम से कम आठ विधायकों के भाजपा में शामिल होने पर बातचीत चल रही है।

श्री हेक ने यूनीवार्ता को बताया, "मैं बस इतना कह सकता हूं कि केंद्रीय भाजपा नेताओं और यूडीपी के आठ विधायकों के बीच बातचीत अभी भी जारी है। अब यह पूरी तरह से यूडीपी विधायकों पर निर्भर करता है कि वे क्या फैसला करते हैं। आइए इंतजार करते हैं। अभी के लिए मैं बस इतना कह सकता हूं कि यूडीपी के आठ विधायक भाजपा में शामिल होने के लिए बहुत उत्सुक हैं। हम बस उस दिन का इंतजार कर रहे हैं जब वे भाजपा परिवार का हिस्सा बनेंगे।"वरिष्ठ भाजपा विधायक ने हाल ही में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को मेघालय की मौजूदा राजनीतिक स्थिति के बारे में जानकारी दी थी, जिसमें यूडीपी के आठ विधायकों के भाजपा के साथ संभावित विलय पर चर्चा हुई थी। अगर संविधान की दसवीं अनुसूची के दायरे में यूडीपी के आठ विधायकों का भाजपा के साथ विलय हो जाता है, तो भाजपा की सीटों की संख्या 10 हो जायेगी और वह 60 सदस्यीय मेघालय विधानसभा में क्षेत्रीय पार्टी यूडीपी की जगह दूसरी सबसे बड़ी पार्टी बन जायेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित