शिलांग , मई 06 -- मेघालय के खेल एवं युवा मामलों के मंत्री और नेशनल पीपुल्स पार्टी (एनपीपी) के वरिष्ठ नेता वाइलाडमिकी शिला ने कहा है कि यह जरूरी नहीं है कि पश्चिम बंगाल और असम में भारतीय जनता पार्टी की भारी जीत का सिलसिला मेघालय में भी दोहराया जाए।
उन्होंने कहा, "मेरी समझ और स्थिति के अनुसार, मुख्यमंत्री कॉनराड संगमा के सक्षम नेतृत्व में जनता को अभी भी एनपीपी पर भरोसा है। मुख्यमंत्री और दोनों उप मुख्यमंत्रियों (प्रेस्टोन टिनसोंग और स्नियावभलांग धर) के नेतृत्व में पिछले कुछ वर्षों में हुए विकास को कोई नकार नहीं सकता।"एनपीपी नेता ने जोर देकर कहा, "मुझे पूरा विश्वास है कि लोग निश्चित रूप से हमारे साथ रहेंगे और भविष्य में हमें उनकी सेवा करने का अवसर देंगे।"उल्लेखनीय है कि भाजपा, एनपीपी के नेतृत्व वाली मेघालय लोकतांत्रिक गठबंधन सरकार में एक छोटी सहयोगी पार्टी है।
श्री शिला ने आगामी 2028 विधानसभा चुनावों में राज्य में सरकार बनाने के भाजपा के दावों पर संदेह व्यक्त करते हुए कहा, "हमारे दृष्टिकोण अलग-अलग हैं। भाजपा का इसे देखने का अपना तरीका है। भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार असंभव नहीं है लेकिन यह एक चुनौती होगी।" उन्होंने कहा कि भाजपा के दोनों विधायकों ने अपनी सीटें पार्टी के दम पर नहीं बल्कि अपनी व्यक्तिगत क्षमता के बल पर जीती हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित