शिलांग , अक्टूबर 09 -- मेघालय विधानसभा में विपक्ष के नेता एवं तृणमूल कांग्रेस नेता डॉ. मुकुल संगमा ने शुक्रवार को कहा कि राज्य में उनकी पार्टी में फूट डालने की कोई गुंजाइश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पास कोई गुंजाइश नहीं है।
डॉ संगमा ने यहां पत्रकारों से कहा कि वह भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) या किसी अन्य राष्ट्रीय पार्टी में शामिल नहीं होंगे। उन्होंने भाजपा नेता एलेक्जेंडर लालू हेक के उस दावे पर यह टिप्पणी की , जिसमें उन्होंने कहा था कि उन्हें तृणमूल कांग्रेस विधायकों के फ़ोन आये और उनसे भाजपा में शामिल होने की इच्छा व्यक्त की थी। उन्होंने कहा , "भाजपा मेघालय में तृणमूल कांग्रेस को कभी नहीं तोड़ सकती और जहां तक मेरी बात है तो मुकुल संगमा न तो भाजपा में शामिल हो रहे हैं और न ही किसी दूसरी राजनीतिक पार्टी या राष्ट्रीय पार्टी में।"जब उनसे पूछा गया कि क्या भाजपा ने उनसे व्यक्तिगत रूप से संपर्क किया था तो उन्होंने इस पर कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया और इसके बजाय दूसरे राज्यों की राजनीतिक कार्यशैली की ओर इशारा किया।उन्होंने कहा, "आप इस बात से इनकार नहीं कर सकते कि भाजपा कई लोगों से संपर्क कर रही है। मैंने दूसरे राज्यों के उदाहरण दिये हैं। मैं ये उदाहरण क्यों दे रहा हूं? आपको बातों के पीछे छिपे अर्थ को समझना होगा।"तृणमूल कांग्रेस नेता ने कहा, "मुझे इस सवाल का कोई खास जवाब देने की ज़रूरत नहीं है क्योंकि मैं कम से कम सम्मान के साथ यह कहना चाहूंगा कि मैं इसका जवाब नहीं दूंगा। अगर वे मुझसे संपर्क भी करते हैं तब भी मैं आपको नहीं बताऊंगा।" जब मेघालय तृणमूल कांग्रेस में फूट डालने की भाजपा की कथित कोशिशों के बारे में पूछा गया, तो श्री संगमा ने इसे खारिज कर दिया। उन्होंने कहा, "मैं इस पर कोई टिप्पणी नहीं करूंगा। जहां तक मेघालय की बात है , वे यहां हमें तोड़ नहीं सकते, ।"सत्तारूढ़ मेघालय डेमोक्रेटिक अलायंस (एमडीए) गठबंधन में शामिल भाजपा की विधानसभा में ताकत दो से बढ़कर 10 हो गयी है। साठ सदस्यीय मेघालय विधानसभा में यूनाइटेड डेमोक्रेटिक पार्टी (यूडीपी) के 12 विधायकों में से आठ विधायक भाजपा में शामिल हो गये हैं।
मेघालय विधानसभा में तृणमूल कांग्रेस पांच सीटों के साथ विपक्ष में वॉयस ऑफ द पीपल पार्टी (वीपीपी) के चार विधायकों के साथ बैठती है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित