शिलांग , अक्टूबर 22 -- मेघालय की राजधानी शिलांग में गुरुवार तड़के प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के कार्यालय पर पेट्रोल बम फेंके जाने के बाद सुरक्षा व्यस्था बढ़ा दी गयी है।
पुलिस ने बताया कि शिलांग के लांगकिरडिंग इलाके में दोपहिया वाहन पर सवार दो नकाबपोश लोगों ने कथित तौर पर इस हमले को अंजाम दिया। यह हमला पिछले कुछ सप्ताह के दौरान शिलांग में सरकारी कार्यालयों और सार्वजनिक बुनियादी ढांचे को निशाना बनाकर पेट्रोल बम फेंकने और आगजनी की कई ऐसी ही घटनाओं के बाद हुआ है।
पूर्वी खासी हिल्स जिले के पुलिस अधीक्षक विवेक साइम ने बताया कि इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ और न ही इमारत को कोई संरचनात्मक नुकसान पहुंचा है।
उन्होंने कहा, "हम हमलावरों की पहचान करने के लिए सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण कर रहे हैं। हमने मामला दर्ज कर लिया है और इलाके में गश्त बढ़ा दी है।"पूर्वी खासी हिल्स के जिला मजिस्ट्रेट अभिलाष बरनवाल ने बताया कि जिला प्रशासन ने इस तरह के हमलों को रोकने के लिए शहरभर में अतिरिक्त पुलिसकर्मियों को तैनात किया है। श्री बरनवाल ने लोगों से शांति बनाए रखने और शिलांग में सांप्रदायिक सौहार्द तथा शांतिपूर्ण माहौल कायम रखने में सहयोग करने की अपील की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित