नयी दिल्ली , मार्च 13 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मेघालय के गारो हिल्स (पहाड़ी) क्षेत्र में तनाव और हिंसा को लेकर चिंता जताते हुये कहा है कि बंगलादेशी घुसपैठियों की साजिश के कारण यह सब हो रहा है।

वरिष्ठ भाजपा नेता रविशंकर प्रसाद ने शुक्रवार को यहां पत्रकारों से कहा कि गारो हिल्स में बड़ी संख्या में बंगलादेशी घुसपैठियों की मौजूदगी के कारण हालात बिगड़े हैं।

श्री प्रसाद ने कहा कि गारो पहाड़ी स्वायत्त जिला परिषद एक स्वायत्त निकाय है, जिसे संविधान के तहत प्रशासनिक अधिकार प्राप्त हैं और इसके चुनाव में केवल प्रमाणित आदिवासी ही उम्मीदवार बन सकते हैं। लेकिन बंगलादेशी घुसपैठिये यहां घुसपैठ का नया तरीका अपनाते हुये बंगाल और झारखंड की तर्ज पर यहां की आदिवासी महिलाओं से शादी कर लेते हैं, बाद में उनको तलाक देकर अलग हो जाते हैं और उसी आधार पर प्रमाणपत्र लेकर चुनाव लड़ने की कोशिश करते हैं।

श्री प्रसाद ने कहा कि यह हालिया विवाद उस समय बढ़ा जब फुलबाड़ी के पूर्व विधायक और वर्तमान में तृणमूल कांग्रेस सदस्य एस्टामुर मोमिन ने नौ मार्च को गारो पहाड़ी स्वायत्त जिला परिषद के चुनाव के लिए नामांकन दाखिल किया। लेकिन श्री मोमिन के आदिवासी दर्जे पर सवाल उठने के बाद विरोध प्रदर्शन हुआ। आरोप है कि उनके समर्थकों ने विरोध करने वालों हमला किया, जिससे हिंसा भड़क गई और दो लोगों की मौत हो गई। जिससे इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।

श्री प्रसाद ने कहा कि भाजपा मेघालय के गारो हिल्स में जनजातीय समुदायों के संवैधानिक अधिकारों के दुरुपयोग और उन्हें छीनने की किसी भी साजिश की कड़ी निंदा करती है। उन्होंने कहा कि भाजपा आदिवासी समुदायों के हितों के साथ मजबूती से खड़ी है और उनके अधिकारों को कमजोर करने की हर कोशिश का विरोध करेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित