शिलांग , जुलाई 14 -- मेघालय के प्रमुख और प्रभावशाली दबाव समूहों में से एक खासी स्टूडेंट्स यूनियन (केएसयू) की शिलांग मिहंगी सर्किल ने मंगलवार को मावडियांगडियांग स्थित केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) कार्यालय परिसर में बन रहे निर्माणाधीन मंदिर पर ताला जड़ दिया।
शीर्ष जांच एजेंसी को इस ढांचे को ध्वस्त करने के लिए दी गयी एक सप्ताह की समय सीमा के संबंध में जब सीबीआई अधिकारी कोई ठोस आश्वासन देने में विफल रहे तो मंदिर में ताला लगा दिया गया।
सहायक संगठन सचिव यिर्मयाह पोहथमी के नेतृत्व में केएसयू के प्रतिनिधिमंडल ने सीबीआई शिलांग के उप महानिरीक्षक (डीआईजी) से मुलाकात की।
प्रतिनिधिमंडल ने उच्चतम न्यायालय के इस सिद्धांत का हवाला देते हुए सीबीआई परिसर के भीतर प्रस्तावित मंदिर से जुड़े किसी भी निर्माण कार्य को तुरंत रोकने की मांग की कि सार्वजनिक या सरकारी भूमि का अनधिकृत धार्मिक निर्माणों के लिए दुरुपयोग नहीं किया जा सकता और भूमि का उपयोग केवल उसी उद्देश्य के लिए किया जाना चाहिए, जिसके लिए वह आवंटित की गयी है।
केएसयू नेता ने कहा, "केवल आधिकारिक कार्यालय उपयोग के लिए निर्धारित भूमि पर धार्मिक ढांचा स्थापित करने का कोई भी प्रयास उच्चतम न्यायालय के तय किये गये सिद्धांतों के खिलाफ है।"श्री पोहथमी का दावा है कि सीबीआई अधिकारियों ने अपने उन पिछले वादों को तोड़ दिया है जिनमें कहा गया था कि सरकारी संपत्ति पर ऐसा कोई निर्माण नहीं होगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित