शिलांग , सितंबर 18 -- मेघालय के पूर्वी खासी हिल्स जिले के उरकालियाड़ में शुक्रवार तड़के नाका चेकिंग के दौरान एक स्कूटी सवार दो युवकों ने भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) अपर पुलिस अधीक्षक (यातायात) लोविश गर्ग को टक्कर मार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
पुलिस को इस हमले में 'खासी स्टूडेंट्स यूनियन' के शामिल होने का संदेह है और उसने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हालांकि, खासी स्टूडेंट्स यूनियन के सूचना एवं प्रचार सचिव पिनशाई कुपार एम. डखार ने पुलिस के दावों को खारिज करते हुए कहा, "क्या इसका मतलब यह है कि शिलांग शहर में स्कूटी चलाने वाला हर व्यक्ति केएसयू का सदस्य है?"शिलांग शहर के पुलिस अधीक्षक डांगसान ख्रीएम के जारी बयान के अनुसार, शुक्रवार तड़के कानून-व्यवस्था बनाए रखने के तहत पुलिस बल नाका चेकिंग कर रहा था। उसी दौरान एक दोपहिया वाहन जांच स्थल की ओर आया। सवारों ने रुकने के इशारे के बावजूद भागने की कोशिश की। श्री ख्रीएम ने बताया कि उन्हें भागने से रोकने के लिए 2019 बैच के आईपीएस अधिकारी लोविश गर्ग ने रुकने का इशारा किया। लेकिन स्कूटी चालक ने गति बढ़ा कर श्री गर्ग को सीधी टक्कर मार दी। घटना में गंभीर रूप से घायल श्री गर्ग को शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित