चुरु , अगस्त 16 -- राजस्थान में चूरू जिले में पुलिस ने रविवार सुबह प्रशासन और नगरपरिषद के सहयोग से मेगा हाईवे मार्ग पर स्थित बुकलसर फांटा पर नशीले पदार्थों की बिक्री में लिप्त अवैध अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई की।
सरकारी जमीन पर बने अस्थायी होटल-ढाबों को जेसीबी से तोड़ दिया गया और वहां मौजूद संदिग्ध युवकों को गिरफ्तार किया गया।
चूरू के पुलिस अधीक्षक निश्चय प्रसाद ने बताया कि सरदारशहर थानाधिकारी धीरेन्द्र सिंह शेखावत के नेतृत्व में गठित दल होटल, ढाबे और भीड़भाड़ वाले चौराहों पर कड़ी नजर रखे हुए था।
उन्होंने बताया कि ग्रामीणों, कॉलोनीवासियों और गांधी विद्या मंदिर प्रशासन से लगातार सूचना मिल रही थी कि सरदारशहर से पल्लू मार्ग पर स्थित बुकलसर फांटा पर सरकारी जमीन पर तीन-चार अस्थायी ढाबे बनाए गए हैं। यहां नशीले पदार्थ गांजा, पोस्त और अफीम खुलेआम बेचे जा रहे हैं। इससे आम नागरिक और राहगीर परेशान थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित