पटना , अगस्त 23 -- बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रविवार को कहा कि मेगा जॉब फेयर में 115 से अधिक नियोक्ताओं की सहभागिता के माध्यम से 20,226 युवक-युवतियों को रोजगार के अवसर प्राप्त हुये, जिनमें 3,940 युवाओं को बिहार में ही रोजगार मिला, 36 दिव्यांगजनों को भी रोजगार के अवसर प्राप्त हुये तथा 476 युवा विदेशों में रोजगार के लिये चयनित किये गये।
श्री चौधरी ने आज युवा, रोजगार एवं कौशल विभाग द्वारा निजी क्षेत्र में बैंकिंग, फाइनेंशियल सर्विसेज, इंश्योरेंस, रिटेल एवं अन्य संबद्ध क्षेत्रों में आयोजित मेगा जॉब फेयर-2026 के नियुक्ति पत्र वितरण एवं समापन समारोह का दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया।
मेगा जॉब फेयर में मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने विभिन्न नियोक्ताओं द्वारा लगाए गए स्टॉल का अवलोकन किया। उन्होंने रोजगार के लिए इंटरव्यू देने आए युवक-युवतियों से बातचीत की तथा उनके कैरियर एवं रोजगार से संबंधित जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने ए.आई. इनेबल्ड कियोस्क के माध्यम से युवाओं को कैरियर एवं रोजगार तलाशने में मिल रही सहायता की भी जानकारी ली।
समारोह में मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने नियोक्ताओं द्वारा चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किया। साथ ही मुख्यमंत्री प्रतिज्ञा इंटर्नशिप के लिए उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले नियोक्ताओं को सम्मानित किया। उन्होंने चीन के शंघाई में आयोजित होने वाली विश्व कौशल प्रतियोगिता-2026 में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले इंडिया स्किल विजेताओं को भी सम्मानित किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित