पटना , अगस्त 21 -- टना के ज्ञान भवन में आयोजित "मेगा जॉब फेयर-2026" युवाओं के लिए रोजगार के बड़े अवसर का मंच बनकर उभरा है। युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग के अंतर्गत बिहार कौशल विकास मिशन की ओर से आयोजित इस मेगा जॉब फेयर के तीसरे दिन करीब नौ हजार युवाओं ने हिस्सा लिया, जिनमें से विभिन्न कंपनियों द्वारा 3487 अभ्यर्थियों का चयन किया गया। रोजगार की तलाश में बिहार के अलग-अलग जिलों से पहुंचे युवाओं में मेले को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।
मेगा जॉब फेयर में एसबीआई लाइफ, भारती एयरटेल लिमिटेड, रिलायंस रिटेल, टाटा क्रोमा, टाटा मोटर्स, उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक, विजन इंडिया, जॉनसन लिफ्ट, मैनपावर ग्रुप, मास एचआर सॉल्यूशन, एनआईआईटी फाउंडेशन, रीशव ऑटोमोबाइल, सत्या माइक्रोकैपिटल लिमिटेड और अन्नपूर्णा फाइनेंस समेत 100 से अधिक कंपनियां भाग ले रही हैं।
बैंकिंग, फाइनेंशियल सर्विसेज एवं इंश्योरेंस (बीएफएसआई), रिटेल, ऑटोमोबाइल, टेलीकॉम सहित विभिन्न क्षेत्रों में युवाओं को उनकी शैक्षणिक योग्यता, कौशल और रुचि के अनुरूप रोजगार के विकल्प उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
जॉब फेयर की सबसे बड़ी खासियत यह है कि युवाओं को रोजगार के लिए अलग-अलग कंपनियों के कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं। ज्ञान भवन में ही कंपनियों के प्रतिनिधियों द्वारा अभ्यर्थियों का पंजीकरण, स्क्रीनिंग, योग्यता की जांच, साक्षात्कार और चयन की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। इससे युवाओं को एक ही स्थान पर विभिन्न क्षेत्रों की कंपनियों के प्रतिनिधियों से सीधे संवाद करने और अपनी योग्यता के अनुरूप नौकरी हासिल करने का अवसर मिल रहा है।
मेले में पटना के अलावा बिहार के विभिन्न जिलों और सुदूरवर्ती क्षेत्रों से बड़ी संख्या में युवा पहुंच रहे हैं। अभ्यर्थी डीईटी पोर्टल और क्यूआर कोड के माध्यम से पंजीकरण कर मेगा जॉब फेयर में शामिल हो रहे हैं। विभाग की ओर से मेले का व्यापक प्रचार-प्रसार भी किया गया, ताकि प्रदेश के अधिक से अधिक रोजगार इच्छुक युवाओं तक इसकी जानकारी पहुंच सके।
मेगा जॉब फेयर में युवाओं के लिए अभी भी रोजगार के अवसर उपलब्ध हैं। 22 और 23 अगस्त को भी ज्ञान भवन, पटना में जॉब फेयर का आयोजन जारी रहेगा। रोजगार की तलाश कर रहे युवा पंजीकरण कर अपनी पसंद के क्षेत्र की कंपनियों में साक्षात्कार देकर रोजगार का अवसर प्राप्त कर सकते हैं।
युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग और बिहार कौशल विकास मिशन का उद्देश्य राज्य के अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि मेगा जॉब फेयर इसी दिशा में सरकार की एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में सामने आया है, जहां युवाओं की प्रतिभा को सीधे उद्योग जगत से जोड़कर रोजगार के नए रास्ते खोले जा रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित