पटना , अगस्त 19 -- िहार के युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग की ओर से बुधवार को पटना के ज्ञान भवन में पांच दिवसीय 'मेगा जॉब फेयर-2026' का शुभारंभ हुआ। विभाग के मंत्री अरुण शंकर प्रसाद और सचिव डॉ. कौशल किशोर ने दीप प्रज्ज्वलित कर मेले का उद्घाटन किया। मेले के पहले दिन ही 4500 अभ्यर्थियों ने भाग लिया, जिनमें से 2972 अभ्यर्थियों का चयन किया गया।
19 से 23 अगस्त तक चलने वाले इस मेगा जॉब फेयर में बैंकिंग, फाइनेंशियल सर्विसेज, इंश्योरेंस, रिटेल समेत विभिन्न क्षेत्रों की 100 से अधिक कंपनियां भाग ले रही हैं। कंपनियां बिहार के युवाओं के लिए 20 हजार से अधिक रोजगार के अवसर लेकर पहुंची हैं। कार्यक्रम में इंडिया स्किल प्रतियोगिता के विजेताओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन भी किया गया।
उद्घाटन के बाद मंत्री अरुण शंकर प्रसाद ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता केवल युवाओं को नौकरी उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि उन्हें ऐसे अवसर देना है, जिनके माध्यम से वे अपने परिवार, समाज और राज्य की प्रगति में योगदान दे सकें। बिहार का युवा प्रतिभाशाली और मेहनती है। उचित अवसर और सही दिशा मिलने पर वह देश ही नहीं, बल्कि वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान बना सकता है।
मंत्री ने बताया कि यह रोजगार मेला विशेष रूप से रिटेल, बैंकिंग, फाइनेंशियल सर्विसेज और इंश्योरेंस सेक्टर पर केंद्रित है। टाटा ट्रेंट, क्रोमा, वी-मार्ट, डी-मार्ट, सैमसंग, फ्लिपकार्ट, बिगकिट सहित कई प्रतिष्ठित कंपनियां युवाओं का चयन कर रही हैं। वित्तीय क्षेत्र में एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक, एसबीआई लाइफ, एयरटेल पेमेंट्स बैंक, इंडसइंड बैंक और आईसीआईसीआई बैंक जैसी संस्थाएं भी शामिल हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित