उदयपुर , जुलाई 13 -- राजस्थान में उदयपुर ज़िले के नयागांव उपखंड क्षेत्र में मृत तेंदुए के नाखून काटने के आरोप में गिरफ्तार एक व्यक्ति को सोमवार को न्यायालय में पेश किया गया जहां से उसे पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।

वन विभाग के दल ने आरोपी को गिरफ्तार करके उससे तेंदुए के नौ नाखून एवं उन्हे काटने में प्रयुक्त कुल्हाड़ी बरामद करने में सफलता हासिल की। उप वन संरक्षक मुकेश सैनी ने बताया कि शुक्रवार को चटोल गांव में एक स्थान पर तेंदुए का शव मिलने की सूचना मिली।

वन विभाग दल ने पशु चिकित्सालय खैरवाडा में मेडिकल टीम से तेंदुए का पोस्टमार्टम करवाया। तेंदुए के शव के नाखून कटे हुए थे। विभाग की दल ने पुलिस, राजस्व, मेडिकल टीम के समक्ष शव का दाह संस्कार कर दिया। उसके नाखुन नहीं पाये जाने के पर वन्यजीव के अंगों की तस्करी की आशंका को देखते हुए सहायक वन संरक्षक सुरेखा चैधरी के नेतृत्व में दल ने चटोल गांव में दबिश देकर अर्जुनलाल गरासिया के मकान से मृत तेंदुण् के नौ नाखून बरामद किये।

पूछताछ में आरोपी ने कुल्हाड़ी से नाखून काटना कबूल किया। उसके कब्जे से नाखून काटने में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित