हमीरपुर , अक्टूबर 27 -- उत्तर प्रदेश में हमीरपुर जिले के सुमेरपुर क्षेत्र में हिंदुस्तान यूनिलीवर के एक मृत कर्मचारी की संपत्ति हड़पने के आरोप में पुलिस ने उसकी दूसरी पत्नी और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है।
पुलिस के मुताबिक, प्रयागराज जिले के धूमनगंज थाना क्षेत्र के ट्रांसपोर्ट नगर निवासी शिवसागर सिंह ने शिकायत में बताया कि उसके पिता सत्य प्रकाश सिंह हिंदुस्तान यूनिलीवर में कार्यरत थे। उनकी 10 दिसंबर 2020 को मृत्यु हो गई थी, जबकि उसकी मां गणेश रानी का निधन 1990 में हो गया था। शिकायतकर्ता के अनुसार, उसके पिता ने 1995 में उसकी मौसी शकुंतला देवी उर्फ सुषमा देवी से विवाह किया था।
शिवसागर सिंह का आरोप है कि उसके पिता के अभिलेखों में गणेश रानी पत्नी के रूप में दर्ज थीं। पिता की मृत्यु के बाद शकुंतला देवी उर्फ सुषमा देवी ने गणेश रानी के नाम से कूटरचित दस्तावेज तैयार कराए और पिता के बैंक खातों में जमा धनराशि सहित अन्य संपत्ति हड़प ली। शिकायतकर्ता ने स्वयं को पिता के दस्तावेजों में वैध पुत्र के रूप में दर्ज बताया है।
पुलिस ने पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर की गई जांच के बाद शकुंतला देवी उर्फ सुषमा देवी और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष पवन कुमार पटेल ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित