अलवर , फरवरी 19 -- राजस्थान में खैरथल-तिजारा जिले के भिवाड़ी औद्योगिक क्षेत्र में हुई दुखद घटना के बाद मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की घोषित की गयी सहायता राशि जिला प्रशासन ने मृतकों के परिजनों के बैंक खातों में जमा करा दी है।
जिला कलेक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला ने गुरुवार को बताया कि राज्य सरकार से स्वीकृति प्राप्त होने के उपरांत प्रशासन ने आवश्यक दस्तावेजी प्रक्रिया को प्राथमिकता से पूरा किया, जिससे आर्थिक सहायता राशि शीघ्र ही परिजनों के बैंक खातों में हस्तांतरित की जा सकी।
उन्होंने बताया कि उस घटना में मृत सात व्यक्तियों के परिजनों को मुख्यमंत्री सहायता कोष से तीन-तीन लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गयी। कुल 21 लाख रुपये की सहायता राशि सीधे संबंधित परिजनों के बैंक खातों में जमा करायी गयी है।
उल्लेखनीय है कि खुशखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक अवैध पटाखा फैक्ट्री में सोमवार को आग लगने से सात मजदूरों की जलकर मौत हो गयी थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित