जयपुर , जनवरी 27 -- मूल ओबीसी महासभा (संयुक्त) राजस्थान द्वारा अपनी पांच सूत्री मांगों के समर्थन में बुधवार से प्रदेशभर में व्यापक जन जागरण अभियान शुरु किया जाएगा, जिसमें प्रदेश के राष्ट्रीय पार्टियों के प्रदेशाध्यक्षों और 200 विधानसभा सदस्यों सहित लोकसभा एवं राज्यसभा सदस्यों से विभिन्न मांगों के समर्थन में मांग पत्र सौंपकर समर्थन मांगा जाएगा।
मूल ओबीसी महासभा (संयुक्त) राजस्थान के प्रदेश अध्यक्ष मिलन गहलोत, प्रदेश संयोजक भंवरलाल जांगिड़, संरक्षक राधाकिशन मांडना एवं प्रदेश महासचिव रामप्रताप भाट ने मंगलवार को जयपुर में पिंकसिटी प्रेस क्लब में प्रेसवार्ता आयोजित कर यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मांग पत्र के तहत पोस्ट कार्ड अभियान में राजस्थान के समस्त 41 जिलों से 41 लाख पोस्टकार्ड प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह को भेजे जाने का निर्णय लिया गया। साथ ही आगामी दिनों में समस्त सात संभाग मुख्यालयों पर मूल ओबीसी सम्मेलन और जिला मुख्यालयों से मुख्यमन्त्री और चेयरमैन, राजस्थान अन्य पिछड़ा वर्ग आयोग के चेयरमैन को विभिन्न मांगों के समर्थन में जिला कलेक्टर के जरिए ज्ञापन भेजे जाएंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित