धमतरी , जून 22 -- छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में आदिवासी क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं के अभाव को लेकर सोमवार को बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने प्रदर्शन करते हुए कलेक्ट्रेट की ओर मार्च किया और अपनी लंबित मांगों के निराकरण की मांग की।

प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले के लगभग 52 गांवों से पहुंचे आदिवासी ग्रामीणों ने सड़क, पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं की मांग को लेकर आंदोलन किया। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि वर्षों से इन समस्याओं के समाधान के लिए मांग उठाई जा रही है, लेकिन अब तक केवल आश्वासन मिले हैं और धरातल पर अपेक्षित कार्य नहीं हुए हैं।

ग्रामीण विभिन्न वाहनों से धमतरी पहुंचे और शोभाराम देवांगन चौक के समीप एकत्रित होने के बाद कलेक्ट्रेट की ओर पैदल मार्च शुरू किया। प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने उन्हें समझाने का प्रयास किया, किंतु प्रदर्शनकारी अपनी मांगों पर कायम रहे और कलेक्ट्रेट घेराव के लिए आगे बढ़ते रहे।

आंदोलन में शामिल ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तथा मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई गईं तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उनका कहना है कि अब केवल आश्वासनों से काम नहीं चलेगा और विकास कार्य जमीनी स्तर पर दिखाई देने चाहिए।

प्रदर्शन में शामिल लोगों की संख्या को लेकर अलग-अलग दावे किए जा रहे हैं। अनुमान के अनुसार आंदोलन में 500 से 2000 तक ग्रामीणों की भागीदारी रही। बड़ी संख्या में लोगों के जुटने को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी थी और पूरे घटनाक्रम पर नजर रखी जा रही थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित