लखनऊ , मई 24 -- लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) आईपीएल 2026 की तालिका में नीचे से दूसरे स्थान पर रहने के बाद टीम की लीडरशिप में बदलाव पर विचार कर सकती है। टीम 2025 में भी सातवें स्थान पर रही थी।
एलएसजी के ग्लोबल डायरेक्टर ऑफ़ क्रिकेट टॉम मूडी ने सीजन खत्म होने के बाद कहा कि टीम को कप्तानी के पहलू पर गंभीरता से विचार करना होगा। ऋषभ पंत की कप्तानी में एलएसजी ने 28 मैच में सिर्फ़ 10 जीत दर्ज कीं और 18 मुक़ाबले गंवाए।
पंजाब किंग्स से हार के बाद प्रेस कांफ़्रेंस में मूडी ने कहा, "कप्तानी के नज़रिए से देखें तो पंत के लिए यह चुनौतीपूर्ण रहा है और नतीजे भी यही दिखाते हैं। आपको यह भी सोचना पड़ता है कि क्या कप्तानी का दबाव उनकी बल्लेबाज़ी में भी दिखाई दे रहा है। मुझे पता है कि यह सीजन हमारे लिए मुश्किल रहा, लेकिन हम इस पर समय लेकर सोचेंगे। हर चीज़ पर विचार करेंगे। लेकिन यह साफ़ है कि हम अपनी उम्मीदों या अपने तय मानकों तक नहीं पहुंच पाए। फ्रेंचाइज़ी की लीडरशिप को लेकर हम भविष्य के बारे में गंभीरता से विचार करेंगे। हर विभाग की तरह, जब आप किसी सीजन की समीक्षा करते हैं, तो कई फै़सले लेने पड़ते हैं। और फ़िलहाल ऐसा लग रहा है कि हमें रीसेट पर विचार करना होगा।"पंत ने 2018 में 684 रन 173.60 के स्ट्राइक रेट से और 2019 में 488 रन 162.66 के स्ट्राइक रेट से बनाकर आईपीएल में धमाकेदार पहचान बनाई थी। लेकिन एलएसजी के लिए पिछले दो सीजन में उनका प्रदर्शन साधारण रहा है। उन्होंने दो सीजन में 581 रन बनाए हैं और उनका स्ट्राइक रेट 135.74 रहा है। इन दोनों सीज़न में उनका औसत और स्ट्राइक रेट उनके करियर आंकड़ों से नीचे रहा।
सीज़न के दौरान पंत ने ड्रेसिंग रूम में "बहुत सारे सोचने वाले और फ़ैसले लेने वाले लोग" होने की बात भी कही थी। मूडी की यह टिप्पणी उस बयान के बाद आई है, जिसमें हेड कोच जस्टिन लैंगर ने भी पिछले मैच के बाद पंत के प्रदर्शन पर निराशा जताई थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित