नयी दिल्ली , सितंबर 05 -- युवा कांग्रेस के लीगल सेल ने एक सार्वजनिक पॉडकास्ट में मुस्लिम समुदाय के खिलाफ कथित तौर पर घृणास्पद, आपत्तिजनक एवं उकसाने वाले बयान देने तथा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के प्रति अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल करने के मामले में शनिवार को यहां थाना मंदिर मार्ग के थाना प्रभारी के समक्ष शिकायत दर्ज कराई।

युवा कांग्रेस के लीगल सेल के राष्ट्रीय चेयरमैन रूपेश सिंह भदौरिया ने यहां एक बयान में यह जानकारी देते हुए बताया कि शिकायत में मुस्लिम समुदाय को उसकी धार्मिक पहचान के आधार पर निशाना बनाने, उसके सामाजिक एवं आर्थिक बहिष्कार की बात कहने तथा 'मुस्लिम मुक्त भारत' जैसी अवधारणा का समर्थन करने वाले कथित बयानों को विशेष रूप से उठाया गया है। उन्होंने कहा कि ऐसे बयान धार्मिक वैमनस्य, घृणा, साम्प्रदायिक तनाव और शत्रुता को बढ़ावा देने तथा सार्वजनिक शांति भंग करने की गंभीर क्षमता रखते हैं। उन्होंने कहा कि शिकायत में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के प्रति किए गए कथित अपमानजनक उल्लेख को भी विशेष रूप से उठाया गया है। महात्मा गांधी के लिए अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल और उसी संवाद में साम्प्रदायिक टिप्पणियां किया जाना मामले को और गंभीर बनाता है।

श्री भदौरिया ने कहा कि सार्वजनिक विमर्श किसी भी व्यक्ति को पूरे धार्मिक समुदाय को निशाना बनाने या उनकी आस्था के आधार पर नागरिकों के खिलाफ घृणा फैलाने का अधिकार नहीं देता। उन्होंने कहा कि युवा कांग्रेस का लीगल सेल ऐसे मामलों में कानून के अनुसार कार्रवाई के लिए हर संभव कदम उठाएगा।

युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब ने कहा कि भारत हर धर्म के प्रत्येक नागरिक का समान रूप से है और किसी को भी किसी समुदाय के खिलाफ नफरत को सार्वजनिक या राजनीतिक संदेश बनाने का अधिकार नहीं है। उन्होंने कहा कि संविधान प्रत्येक भारतीय को गरिमा, समानता और बंधुता की गारंटी देता है तथा महात्मा गांधी की साम्प्रदायिक सद्भाव और अहिंसा की विरासत का अपमान स्वीकार नहीं किया जा सकता। शिकायत युवा कांग्रेस के लीगल सेल के राष्ट्रीय समन्वयक एवं अधिवक्ता चिंतन गोदारा की ओर से दर्ज कराई गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित