सहारनपुर , सितंबर 18 -- उत्तर प्रदेश में सहारनपुर के थाना नांगल के गांव सोहनचिड़ा में शिव मंदिर के निर्माण को लेकर गांव निवासी शहनवाज मलिक ने शिव मंदिर निर्माण के लिए अपनी जमीन दान देने की घोषणा की।

उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को पूजा-पाठ के लिए चार किलोमीटर दूर जाना पड़ता था। इसी वजह से उन्होंने अपनी जमीन को मंदिर निर्माण के लिए दान देने का फैसला लिया। मंदिर निर्माण के लिए एक ट्रस्ट का गठन भी किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि मंदिर निर्माण के मामले में पुलिस ने उनके खिलाफ फर्जी मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया था। 27 दिन जेल में रहने के बाद उन्होंने अधिकारियों को मंदिर निर्माण से जुड़े दस्तावेज सौंप दिए।

शाहनवाज ने यह भी कहा कि सोहनचिड़ा गांव में तीन हजार मुस्लिम और छह सौ हिंदू परिवार रहते हैं। कुछ लोग शिव मंदिर के निर्माण का विरोध कर रहे हैं, जो उचित नहीं है।

उन्होंने कहा कि मैं खुद मुस्लिम हूं लेकिन शिव मंदिर निर्माण को हिंदू की आस्था से जोड़कर देखता हूं। हिंदू परिवारों की पूजा के लिए समस्या को देखते हुए उन्होंने अपनी जमीन को मंदिर निर्माण के लिए दान देने का कदम उठाया। जिस भूमि को वो दान कर रहे हैं उसकी खसरा/खतौनी में उनका नाम दर्ज है।

उन्होंने ट्रस्ट को जमीन दान दी है। इसी पर शिव मंदिर निर्माण करने की योजना है। उन्होंने इस मामले में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मांग की कि वे मंदिर निर्माण में बाधा पैदा करने वाले लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई कराएं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित