बैतूल , मई 02 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में पुलिस ने "मुस्कान अभियान" के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए 34 गुमशुदा बच्चों को सकुशल बरामद किया है। इन बच्चों को देश के विभिन्न राज्यों से खोजकर उनके परिजनों से मिलवाया गया।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर अप्रैल माह में नाबालिग बालक-बालिकाओं की शीघ्र दस्तयाबी के लिए विशेष अभियान चलाया गया था। इसी क्रम में बैतूल पुलिस ने समन्वित और प्रभावी कार्रवाई करते हुए कुल 68 दर्ज प्रकरणों में से 34 बच्चों को गुजरात, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, कर्नाटक, दिल्ली और मध्यप्रदेश के अलग-अलग जिलों से ढूंढ निकाला।

इस अभियान में जिले के 18 थानों की पुलिस टीमों ने सक्रिय भूमिका निभाई। अनुविभागीय अधिकारियों के नेतृत्व में गठित टीमों ने तकनीकी विश्लेषण, लगातार फील्ड सर्च और अंतरराज्यीय समन्वय के जरिए इस सफलता को हासिल किया। पुलिस का कहना है कि अभियान के दौरान संवेदनशीलता और सतर्कता के साथ काम किया गया, जिससे बच्चों को सुरक्षित वापस लाना संभव हो सका।

पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन ने इस उपलब्धि पर पुलिस टीमों की सराहना करते हुए उन्हें पुरस्कृत करने की घोषणा की है। उन्होंने बताया कि बाकी प्रकरणों में भी तेजी से कार्रवाई जारी है और जल्द ही सभी गुमशुदा बच्चों को बरामद कर लिया जाएगा।

पुलिस अधीक्षक ने नागरिकों से अपील की है कि बच्चों की सुरक्षा के प्रति सजग रहें। उन्होंने कहा कि किसी भी बच्चे के गुम होने की स्थिति में तुरंत नजदीकी थाने या डायल 112 पर सूचना दें। साथ ही बच्चों को अकेला न छोड़ने, उनकी गतिविधियों पर नजर रखने और संदिग्ध व्यक्तियों की जानकारी तुरंत पुलिस को देने की सलाह दी गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित