मुंबई , नवंबर 07 -- कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव और तेलंगाना के सह-प्रभारी सचिन सावंत ने आज आरोप लगाया कि महाराष्ट्र के मंत्री और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के नेता हसन मुश्रीफ के खिलाफ धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की कार्यवाही बंद होना, केंद्रीय जांच एजेंसियों का राजनीतिक उद्देश्यों के लिए इस्तेमाल करने की भाजपा नीत सरकार की कथित नीति को दर्शाता है।
श्री सावंत ने कहा कि ईडी ने खुद श्री मुश्रीफ और उनके परिवार के सदस्यों के खिलाफ कार्यवाही बंद करने की मांग करते हुए अदालत का रुख किया, जिससे उन्हें राहत मिली है। उन्होंने आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार के गंभीर आरोपों का सामना कर रहे विपक्षी नेताओं को भाजपा नीत सत्तारूढ़ गठबंधन में शामिल होने के बाद क्लीन चिट दे दी जाती है। उन्होंने इसे सरकार की "वाशिंग मशीन" राजनीति बताया।
श्री मुश्रीफ के खिलाफ लगे आरोपों का जिक्र करते हुए उन्होंने सवाल उठाया कि भाजपा नेता किरीट सोमैया, जिन्होंने मंत्री के खिलाफ ईडी और आयकर विभाग को 2,700 पन्नों की शिकायत सौंपी थी, वे अब चुप क्यों हैं? उन्होंने यह भी पूछा कि श्री सोमैया द्वारा सौंपे गए आरोपों और दस्तावेजों का क्या हुआ?श्री सावंत ने आरोप लगाया कि नरेन्द्र मोदी सरकार पिछले 12 वर्षों से विपक्षी नेताओं को निशाना बनाने, उनकी छवि धूमिल करने और उन पर राजनीतिक दबाव बनाने के लिए केंद्रीय जांच एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है। उन्होंने दावा किया कि सत्तारूढ़ गठबंधन में शामिल होने के बाद विपक्षी नेताओं के खिलाफ जांच की गति धीमी हो जाती है या कार्यवाही वापस ले ली जाती है।
इन एजेंसियों की प्रभावशीलता पर सवाल उठाते हुए श्री सावंत ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में उनके द्वारा चलाए गए मामलों में सजा की दर बेहद कम रही है। उन्होंने सवाल किया कि क्या उनकी कार्रवाइयों का वास्तविक उद्देश्य भ्रष्टाचार से लड़ना है या विपक्षी नेताओं को राजनीतिक रूप से परेशान करना है।
कांग्रेस नेता ने कहा कि केंद्रीय जांच एजेंसियों से राष्ट्रीय हित में काम करने और भ्रष्टाचार से लड़ने की उम्मीद की जाती है, इसलिए उन्हें निष्पक्ष और स्वतंत्र रूप से कार्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि इन संस्थानों पर खर्च किए जाने वाले जनता के पैसे का इस्तेमाल कानून को निष्पक्ष रूप से लागू करने के लिए किया जाना चाहिए, न कि सत्ता में बैठे लोगों के राजनीतिक हितों की पूर्ति के लिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित