मुंबई , फरवरी 17 -- मुंबई मेट्रो लाइन 4 के निर्माणाधीन हिस्से में मुलुंड में मेट्रो का स्लैब गिरने से जान गंवाने वाले रामधनी यादव के परिवार को मुंबई महानगर प्रदेश विकास प्राधिकरण (एमएमआरडीए) और ठेकेदार से 39.5 लाख रुपये का मुआवजा प्राप्त हुआ है।

मुआवजे की रकम मिलने के बाद परिवार ने अंतिम संस्कार के लिए दिवंगत रामधनी यादव के पार्थिव शरीर को उत्तर प्रदेश के जौनपुर ले जाने का निर्णय लिया है।

रामधनी की शनिवार को उस समय मृत्यु हो गई थी जब मुंबई के मुलुंड क्षेत्र में निर्माणाधीन मेट्रो रेल लाइन 4 के पुल का एक हिस्सा गुजर रहे वाहनों पर गिर गया था। इस घटना में तीन अन्य लोग घायल भी हो गए थे।

इससे पहले रामधनी के परिवार के सदस्यों ने कहा था कि जब तक पर्याप्त मुआवजा प्रदान नहीं किया जाता, वे अंतिम संस्कार नहीं करेंगे। उन्होंने वित्तीय सहायता के साथ-साथ परिवार के सदस्य के लिए सरकारी नौकरी की भी मांग की थी। इसके बाद, मुंबई महानगर प्रदेश विकास प्राधिकरण ने परिवार को 15 लाख रुपये जारी किए, जबकि ठेकेदार ने 20 लाख रुपये का योगदान दिया। इसके अतिरिक्त, पार्थिव शरीर को जौनपुर ले जाने के लिए हवाई एम्बुलेंस की व्यवस्था करने हेतु 4.50 लाख रुपये प्रदान किए गए।

मुख्यमंत्री ने भी इस घटना के संबंध में 05 लाख रुपये के मुआवजे की घोषणा की है। भुगतान हो जाने के बाद अब परिवार रामधनी के पार्थिव शरीर को उनके पैतृक स्थान पर अंतिम संस्कार के लिए ले जाने की तैयारी कर रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित