बैतूल , अक्टूबर 21 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले की मुलताई विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक चंद्रशेखर देशमुख को स्वास्थ्य में अपेक्षित सुधार नहीं होने पर बुधवार को नागपुर से एयर एंबुलेंस के जरिए हैदराबाद ले जाया गया। वह पिछले तीन दिनों से नागपुर के एक निजी अस्पताल में उपचार करा रहे थे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 17 अक्टूबर को मुलताई के श्रीराम मंदिर में आयोजित दादा गुरु महाराज के धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने के दौरान विधायक की तबीयत अचानक बिगड़ गई थी। उन्हें चक्कर आने के बाद मौके पर मौजूद समर्थकों और स्थानीय लोगों ने संभाला। बताया गया कि उन्हें सीपीआर देने के बाद नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें नागपुर रेफर कर दिया था।

नागपुर के निजी अस्पताल में उनका पेट से संबंधित समस्या के चलते उपचार चल रहा था। स्वास्थ्य में अपेक्षित सुधार नहीं होने पर उन्हें बेहतर इलाज और विशेष जांच के लिए हैदराबाद भेजा गया। उनकी बीमारी को लेकर चिकित्सकों की ओर से कोई आधिकारिक मेडिकल बुलेटिन जारी किए जाने की जानकारी नहीं मिली है।

विधायक के अस्वस्थ होने की सूचना मिलने पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और आमला विधायक योगेश पंडाग्रे ने नागपुर पहुंचकर अस्पताल में उनसे मुलाकात की और परिजनों से उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। विधायक के हैदराबाद रेफर किए जाने के बाद मुलताई क्षेत्र में उनके समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं में चिंता बनी हुई है। उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित