बैतूल , अगस्त 03 -- मध्य प्रदेश में बैतूल जिले के मुलताई थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 65 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की है। इस दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक महिला आरोपी मौके से फरार हो गई।
पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि प्रभातपट्टन रोड स्थित ग्राम मंगोना कलां के प्रवेश द्वार के पास बने यात्री प्रतीक्षालय में अवैध रूप से कच्ची महुआ शराब बेची जा रही है। सूचना के आधार पर थाना प्रभारी विकास पटेल के निर्देशन में पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी।
पुलिस वाहन पहुंचते ही वहां मौजूद एक महिला खेतों की ओर भाग निकली और अपने साथ खड़े युवक को भी भागने के लिए कहा। पुलिस ने घेराबंदी कर अनिल पिता गोविंद नायक, निवासी नहाल मोहल्ला, प्रभातपट्टन को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान यात्री प्रतीक्षालय में रखे तीन बोरों से कुल 65 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की गई। जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब 6,500 रुपये बताई गई है।
थाना प्रभारी विकास पटेल ने बताया कि फरार महिला की पहचान अनीता नायक, निवासी प्रभातपट्टन, के रूप में हुई है। उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर तलाश की जा रही है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध मध्य प्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित